मेवात (हरियाणा). यहां डिगरहेड़ी गांव में बुधवार देर रात कुछ बदमाशों ने एक परिवार पर लूट के इरादे से हमला कर दिया। पति को गोली मार दी और पत्नी समेत घर के बाकी सदस्यों की बुरी तरह पिटाई की। दो बेटियों के साथ गैंगरेप भी किया। घटना में गंभीर रूप से घायल पत्नी की भी बाद में मौत हो गई। घायल हुए बाकी 6 लोगों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। रात 2 बजे घर में घुसे बदमाश...
- विक्टिम फैमिली डिगरहेड़ी गांव के पास बने खेतों में रहती है। रात करीब 2 बजे कुछ बदमाश जबरदस्ती उनके घर में घुस गए और हमला कर दिया।
- परिवार के मुखिया को गोली मार दी, उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बदमाशों ने पत्नी और घर के अन्य सदस्यों की पिटाई करने के बाद दो लड़कियों के साथ गैंगरेप भी किया।
- लड़कियों की उम्र 18 और 16 साल बताई जा रही है।
- घटना में पति-पत्नी दोनों की मौत हो गई है। पत्नी ने इलाज के लिए हॉस्पिटल ले जाते वक्त रास्ते में दम तोड़ा।
- वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। घटना में कपल के दामाद और बेटियों समेत 6 लोग घायल हुए हैं।
विक्टिम ने सुनाई आपबीती
- गैंगरेप पीड़ित लड़कियों में से एक का कहना है- "रात में हमें बाहर से शोर सुनाई दिया। कुछ देर बाद चार-पांच लोग घर में घुस आए, इनमें से 2 आदमी कच्छे-बनियान में जबकि बाकी पैंट-शर्ट पहने हुए थे।"
- "उन्होंने अंदर आते ही सभी को बांध दिया और डंडों, सरिया से मारा-पीटा। हमलावर हमारे कमरे में भी घुस आए, मेरे और बहन के साथ तीन लोगों ने रेप किया।"
- "हमलावरों ने हमसे पैसे और जेवरात के बारे में पूछा, बदमाशों में से एक के पास देशी कट्टा भी था।"
- "उन्होंने घर में रखे बक्से और अनाज की टंकी तक को खाली करवा लिया और जमकर लूटपाट की।"
- "इसके बाद उन्होंने सभी को कमरे में बंद कर दिया और फरार हो गए।"
पुलिस बोली- लूटपाट के इरादे से घर में घुसे थे बदमाश
- एसपी कुलदीप सिंह यादव ने बताया- "5 अज्ञात लोगों के खिलाफ घर में घुसकर हमला करने और गैंगरेप करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर किया गया है।"
- "पूरे जिले को अलर्ट कर दिया गया है। शुरुआती जांच से पता चल रहा है कि आरोपी लूटपाट करने के इरादे से ही आए थे।"
- पुलिस का मानना है कि वारदात कच्छा बनियान गिरोह ने अंजाम दी है।
आईजी का क्या कहना है?
- आईजी ममता सिंह (रेवाड़ी रेंज) का कहना है- "पीड़ित परिवार का घर खेतों के बीच है। इस मौसम में फसलें बड़ी हो जाती हैं, इसीलिए हमलावरों ने घटना के लिए यह वक्त चुना होगा।"
- "कुछ क्लू मिले हैं। बदमाशों को पकड़ने के लिए 5 टीमें बनाई गई हैं, जिन्हें दो डीएसपी मॉनिटर कर रहे हैं।"
हाल ही में हुई थी ऐसी ही एक और वारदात
- 7 अगस्त को महेंद्रगढ़ के बिहाली गांव में 10 से ज्यादा बदमाशों ने गन प्वाइंट पर दो परिवार के लोगों के साथ लूटपाट की थी।
- विरोध करने पर मां और बेटे को गोली मार दी थी जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
- बदमाशों ने परिवार के दो और सदस्यों को बुरी तरह से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया था।
- नकदी और जेवरात लूटकर बदमाश फरार हो गए थे।


EmoticonEmoticon