पटना/सुपौल. बिहार के सुपौल जिले में दो नाबालिगों ने जहर खाकर जान देने की धमकी दी जिसके बाद पंचायत ने दोनों की शादी करा दी। दरअसल, दोनों नाबालिग एक-दूसरे से प्यार करते थे। इस बात से दोनों की फैमिली नाराज बताई जा रही थी। जानिए फिर लड़के के पिता ने क्या किया...
- मामला सुपौल के हरदी पंचायत के अजान टोला का है।
- नाबालिगों की फैमिली के विरोध करने के बाद दोनों ने सुसाइड की धमकी दी जिसके बाद उसी पंचायत के लोगों ने मंदिर में उनकी शादी करा दी।
- उधर, पंचायत के लोगों के इस फैसले के बाद लड़के के पिता ने सदर थाने में बेटे की किडनैपिंग की लिखित शिकायत दर्ज करा दी है।
लड़का नौंवी का तो लड़की है 11वीं की स्टूडेंट
- दरअसल, 9वीं क्लास में पढ़ने वाला लड़के का अपने ही स्कूल की 11वीं में पढ़ने वाली एक लड़की से लव अफेयर था।
- आपको बता दें कि दोनों नाबालिगों के बीच पिछले 3 महीने से प्रेम-प्रसंग चल रहा था।
- बताया जा रहा है कि जब लड़के ने अपने घर में लड़की के बारे में बताया तो उसकी फैमिली ने शादी से इनकार कर दिया।
- चूंकि लड़का अपने घर का इकलौता था और उसकी शादी की उम्र भी नहीं थी तो वे इस रिश्ते के लिए फिलहाल राजी नहीं थे।
छिपकर मिलते थे विकास और सरस्वती
- पिता के मना करने के बाद भी लड़का नहीं माना और लड़की से चोरी-छिपे मिलता रहा।
- इस बीच पिछले शुक्रवार को लड़की की फैमिली ने दोनों को एक साथ देख लिया।
- इसके बाद लड़की के पिता ने लड़के को बांधकर उसकी पिटाई कर दी।
- इस दौरान लड़की अपने प्रेमी को छोड़ने के लिए रोती रही। लेकिन उसके पिता ने पूरे दिन लड़के को बांध कर रखा।
ऐसे पंचायत ने कराई दोनों की शादी
- लड़की के घर से अपने घर पहुंचने के बाद लड़के ने जहर खाकर सुसाइड की कोशिश की।
- जब इस बाद का पता पंचायत को लगा तो गांववालों ने पंचायत बुलाकर मंदिर में दोनों की शादी करा दी।
- बताया जा रहा है कि शादी में लड़के के मामा शामिल हुए थे।
- उधर, शादी से नाराज लड़के के पिता ने थाने में उसके किडनैपिंग की शिकायत दी है।
क्या कहना है लड़की के पिता का
- लड़की के पिता का कहना है कि उन्होंने विकास को सिर्फ बांधकर रखा था, उसकी पिटाई नहीं की थी।
- वहीं लड़के के पिता का कहना है कि शुक्रवार की सुबह घर से उनका बेटा स्कूल जाने के लिए निकला था। पर देर रात तक वह घर नहीं लौटा।
- लड़के के पिता की माने तो वे विकास को खोजते हुए लड़की के घर पहुंचे जहां उसके पिता ने उनके बेटे के बदले दो लाख रुपए मांगे।
- लड़के के पिता का आरोप है कि पैसे नहीं देने पर लड़की के पिता ने उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी।
- इसके बाद ही लड़के के पिता ने थाने में जाकर किडनैपिंग की शिकायत दर्ज कराई।
क्या कहना है पुलिस का
- उधर, मामले में सदर थाना के SHO राम इकबाल यादव का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
- साथ ही, दोनों नाबालिगों की शादी की भी जांच की जा रही है। जांच के बाद सामने आए तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

EmoticonEmoticon