इलाहाबाद.11 अक्टूबर को बिग बी अपना 74वां बर्थ-डे मनाने जा रहे हैं। इसमौके पर हम आपको बता रहे हैं कि बिग बी का बचपन उत्तर प्रदेश के शहर इलाहाबाद में बीता। यहां वे पिता हरिवंश राय बच्चन और मां तेजी बच्चन के साथ एक बंगले में किराए पर रहते थे। साल 1984 में बिग बी ने चुनाव लड़ने के दौरान इस बंगले को खरीदने की इच्छा जाहिर की थी, लेकिन ट्रस्ट की संपत्ति होने की वजह से आज भी उनकी यह ख्वाहिश पूरी नहीं हो सकी। कहां है यह बंगला...
अमिताभ बच्चन के पिता हरिवंश राय बच्चन साल 1939 में कटघर मोहल्ले में स्थित मकान को छोड़कर क्लाइव रोड वाले बंगले में किराए पर रहने आ गए। इस बंगले में तीन बड़े-बड़े कमरे हैं, जिसमें एक कमरा सबसे खास था। इसमें दरवाजे, खिड़की और रोशनदान मिलाकर दस द्वार हैं, जिस वजह से इसे 10 द्वार वाला बंगला कहा जाता है।
बाद में दिल्ली चली गई बच्चन फैमिली
इस बंगले को साल 1955 में इटावा के जाने-माने वकील शंकर तिवारी ने खरीद लिया और इसके खाली पड़े हिस्से में रहने लगे। करीब तीन साल बाद हरिवंश राय बच्चन दिल्ली चले गए। इस बंगले में एक और किराएदार रहते थे, जिनका नाम टीसी घोष था। वे असम में टी-गार्डन का बिजनेस करते थे। उन्होंने इस बंगले के बगल में 8 हजार वर्ग फीट का एक प्लॉट खरीदा और वहां बंगला बनाकर रहने लगे। हालांकि, बाद में टीसी घोष के बेटे ने यह बंगला वकील केके पांडेय को बेच दिया।
बंगले की देखरेख करते हैं वकील
इस बंगले में अब कोई नहीं रहता है और यहां ताला लगा हुआ है। इसकी देखभाल ट्रस्ट के सदस्य और वकील केके पांडेय करते हैं। वह बताते हैं कि स्वर्गीय शंकर तिवारी जाने-माने वकील थे। वे कांग्रेस के टिकट पर इटावा के एमपी चुने गए थे। वहीं, सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव के परिवार के साथ उनके अच्छे संबंध थे।

EmoticonEmoticon